बोकारो साइबर अपराध पर नकेल कसते हुए बोकारो पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्रतिबिम्ब ऐप से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध थाना, साइबर टीम और तकनीकी शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लोगों को बैंक अधिकारी और क्रेडिट कार्ड कर्मचारी बनकर ठगी का शिकार बनाते थे।
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 7 जुलाई को की गई छापेमारी के दौरान पटेलनगर निवासी रोहित कुमार दास और अंबेडकरपुरी, चास निवासी अर्जुन कुमार दास को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर संगठित तरीके से साइबर अपराध को अंजाम देते थे। वे बैंक अधिकारी या क्रेडिट कार्ड कंपनी के कर्मचारी बनकर लोगों को कॉल करते और विभिन्न बहानों से उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी का प्रयास करते थे। आरोपियों के नेटवर्क में कई अन्य लोगों के शामिल होने की भी जानकारी मिली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, 9,400 रुपये नकद तथा मोबाइल नंबरों की सूची बरामद की है। बरामद सामग्री को जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
इस मामले में साइबर अपराध थाना, बोकारो में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी पवन कुमार ने लोगों से अपील की कि बैंकिंग संबंधी किसी भी कॉल पर अपनी निजी जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
संवाददाता : चंदन सिंह






