धनबाद के पुटकी क्षेत्र स्थित साउथ बलिहारी 6 पिट कोलियरी में शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अंडरग्राउंड माइंस में काम करने जा रहे मजदूरों को नीचे ले जा रहा कैरेज (पिंजरा) अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया, जिससे उसमें सवार कई मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद कोलियरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल ने इस कोलियरी में कोयला खनन का कार्य निजी कंपनी ईगल दीप इंफ्रा को सौंप रखा है। हादसे के समय दर्जनों मजदूर कैरेज के माध्यम से भूमिगत खदान में जा रहे थे। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण कैरेज का ब्रेक फेल हो गया। प्रत्यक्षदर्शी और घायल मजदूरों ने बताया कि अचानक कैरेज अनियंत्रित होने से कई श्रमिकों को चोटें आईं।
आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से घायलों के उपचार की तत्काल कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। साथी मजदूरों ने ही पहल करते हुए सभी घायलों को धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद खनन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मजदूरों का आरोप है कि निजी कंपनियां उत्पादन बढ़ाने के दबाव में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही हैं, जिससे श्रमिकों की जान लगातार खतरे में बनी हुई है। उनका कहना है कि हादसे के बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया।
बताया जा रहा है कि बीसीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्होंने इसे “छोटी घटना” बताया। इस प्रतिक्रिया को लेकर मजदूरों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही मुनीडीह क्षेत्र में स्लरी धंसने से चार मजदूरों की मौत हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब मजदूर संगठन और स्थानीय लोग इस मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
संवाददाता: नीतीश कुमार, धनबाद






