बोकारो शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया। सेक्टर-4 स्थित एलआईसी मोड़ और गांधी चौक पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया और ऑटो समेत करीब 150 वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर 29 ऑटो को जब्त कर सेक्टर-4 थाना परिसर में रखा गया है।
यह विशेष जांच अभियान ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीतीश कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, बीमा, परमिट समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जिन वाहनों के कागजात अधूरे पाए गए या यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए 29 ऑटो के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद जिन वाहनों में अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होगी, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटकर जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले वाहन मालिकों को नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करने का अवसर दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाना, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करना और नियमों का उल्लंघन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है। ऐसे में नियमित जांच अभियान से वाहन चालकों में नियमों के पालन की प्रवृत्ति बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन चलाएं।
संवाददाता: चंदन सिंह







