साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ और लकरटांगा गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजकुमार मंडल (19), सोनू कुमार मंडल (30) और बंटी कुमार सेन (28) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सियाटांड़ निवासी राजकुमार मंडल लोगों के व्हाट्सएप पर आरटीओ ई-चालान के नाम से फर्जी एपीके फाइल का लिंक भेजता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता, उसके मोबाइल का एक्सेस ठगों के पास पहुंच जाता और वे ई-वॉलेट सहित अन्य डिजिटल खातों से रकम निकाल लेते थे।
वहीं, सोनू कुमार मंडल और उसका साथी बंटी कुमार सेन लोगों को फोन कर जियो सिम बंद होने का झांसा देते थे। रिचार्ज या सिम चालू रखने के नाम पर वे ओटीपी हासिल कर बैंक खातों से रुपये उड़ा लेते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि इनका नेटवर्क झारखंड के अलावा देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था।
साइबर थाना में कांड संख्या 41/26 दर्ज कर तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि बंटी कुमार सेन का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी साइबर ठगी के मामले में जेल जा चुका है।
छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर डीएसपी अमित कुमार ने किया। टीम में थाना प्रभारी राजेश मंडल, चन्द्रमणि भारती और मनीष कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें।
संवाददाता: संतोष कुमार







