गिरिडीह में आवारा कुत्ते का मासूम पर हमला: चार वर्षीय बच्चे का चेहरा बुरी तरह जख्मी, बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर

गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांडेय प्रखंड के जमजोरी गांव में आवारा कुत्ते के हमले में चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। बच्चे के चेहरे पर गहरा जख्म होने के कारण पहले स्थानीय अस्पताल, फिर धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और अंततः बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, जमजोरी गांव निवासी चार वर्षीय बच्चा अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और मासूम पर हमला कर दिया। देखते ही देखते कुत्ते ने बच्चे के चेहरे के बाईं ओर गाल के पास बुरी तरह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को भगाकर बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया।

 

घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन चेहरे पर गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स भेज दिया।

 

इस घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने, प्रभावित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

 

फिलहाल मासूम का इलाज रिम्स में जारी है और परिजन उसके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

 

संवाददाता: नीतीश कुमार, धनबाद

  • Related Posts

    भागलपुर निगरानी कोर्ट का बड़ा फैसला, रिश्वत लेने वाले सहरसा के राजस्व कर्मचारी को 2 साल की सजा और 20 हजार रुपये जुर्माना

    रिश्वत लेने के करीब 17 साल पुराने मामले में भागलपुर निगरानी कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। निगरानी कोर्ट के एडीजे दीपक कुमार की अदालत ने सहरसा जिले के सौर…

    बोकारो में 30 लाख की बड़ी चोरी, चास थाना से महज आधा किलोमीटर दूर घर और मेडिकल दुकान को बनाया निशाना

    बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चास थाना से महज आधा…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *