सिमरी बख्तियारपुर में डॉक्टर के घर लाखों की चोरी, विरोध करने पर बेटे पर कट्टे की बट से हमला, हथियार छोड़कर फरार हुए बदमाश

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कानू टोला (वार्ड संख्या-28) में कल देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई। स्थानीय चिकित्सक डॉ. उमेश भगत के घर में घुसे बदमाशों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान चोरी का विरोध करने पर डॉक्टर के 28 वर्षीय पुत्र ओमबाबू पर देसी कट्टे की बट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2:30 बजे की है। परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, तभी बदमाश घर में घुस गए। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घर में मौजूद लोगों को बेहोश या सुस्त करने के लिए किसी स्प्रे का इस्तेमाल किया। चोरी की वारदात को अंजाम देकर बदमाश घर से निकल ही रहे थे कि उसी समय शादी समारोह से लौटे ओमबाबू की उनसे आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

 

ओमबाबू ने बहादुरी दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। खुद को घिरता देख बदमाश ने देसी कट्टे की बट से ओमबाबू के सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद बदमाश घबराकर मौके से फरार हो गए। भागने की जल्दबाजी में वे अपना देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस घटनास्थल पर ही छोड़ गए।

 

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए सामानों में लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और डॉ. उमेश भगत की मुरलीगंज निवासी पुत्री के कीमती आभूषण भी शामिल हैं, जो शादी समारोह में शामिल होने के लिए मायके आई थीं। चोरी गई संपत्ति का आकलन किया जा रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कट्टा व कारतूस को जब्त कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है। शहर के बीच हुई इस वारदात के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

संवाददाता: इन्द्रदेव जी, सहरसा

  • Related Posts

    सहरसा में बटरफ्लाई डांस सेंटर का शुभारंभ, बच्चों को मिलेगा प्रतिभा निखारने का मंच

    80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सहरसा के नया बाजार स्थित नारियार रोड में शनिवार को बटरफ्लाई डांस सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया गया। सहरसा नगर निगम की मेयर बैन…

    भागलपुर निगरानी कोर्ट का बड़ा फैसला, रिश्वत लेने वाले सहरसा के राजस्व कर्मचारी को 2 साल की सजा और 20 हजार रुपये जुर्माना

    रिश्वत लेने के करीब 17 साल पुराने मामले में भागलपुर निगरानी कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। निगरानी कोर्ट के एडीजे दीपक कुमार की अदालत ने सहरसा जिले के सौर…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *