पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतराई स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना सामने आई है। बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर सीएसपी संचालक को धमकाते हुए केंद्र में रखी नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पांकी-मेदिनीनगर मुख्य सड़क पर स्थित तेतराई के पीएनबी प्रज्ञा केंद्र में दोपहर के समय बाइक से पहुंचे अपराधियों ने अचानक धावा बोल दिया। अपराधियों ने सीएसपी संचालक पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए केंद्र में रखे लगभग एक लाख रुपये नकद अपने कब्जे में ले लिए। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई, जिसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं, सीएसपी संचालक ने तत्काल पांकी थाना को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
सीएसपी संचालक ने पांकी थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं लूटी गई राशि बरामद करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।संवाददाता : सत्यम शुक्ला
संवाददाता : पांकी, पलामू (झारखंड)






