9 सीट की मैजिक वैन पर 40 से ज्यादा सफाईकर्मी, नालंदा में नियमों की खुली धज्जियां

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से यातायात नियमों की अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हरनौत से बिहारशरीफ तक एक 9 सीट वाली मैजिक वैन में 40 से अधिक सफाईकर्मी सवार होकर सदर अस्पताल पहुंचे। इस दौरान वाहन की छत, दरवाजों और खिड़कियों तक पर लोग लटके नजर आए। जिसने भी यह दृश्य देखा, वह हैरान रह गया।

दरअसल, हरनौत नगर पंचायत के सफाईकर्मी अपने एक घायल साथी का हालचाल जानने के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल जा रहे थे। आरोप है कि उनके साथी के साथ मारपीट हुई थी और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायल कर्मचारी को देखने की जल्दबाजी में बड़ी संख्या में लोग एक ही वाहन पर सवार हो गए।

Sponsored Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के अंदर करीब 25 लोग बैठे थे, जबकि कई लोग छत और किनारों पर बैठे या लटके हुए थे। क्षमता से कई गुना अधिक यात्रियों को लेकर वाहन सड़क पर दौड़ता रहा, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। राहत की बात यह रही कि पूरे सफर के दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई।

सबसे हैरानी की बात यह है कि यह ओवरलोडेड वाहन हरनौत से बिहारशरीफ आने के दौरान कई थानों और पुलिस चौकियों के सामने से गुजरा, लेकिन कहीं भी इसे रोका नहीं गया। इससे यातायात निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामले पर वाहन चालक ने कहा कि उसकी गाड़ी रोजाना हरनौत से गोनावा रोड रूट पर चलती है। चालक के मुताबिक, सफाईकर्मी जबरन वाहन पर चढ़ गए थे और वह उन्हें रोक नहीं सका। चालक ने बताया कि गाड़ी पर लगभग 40 से 50 लोग सवार थे।

वहीं, घटना का वीडियो सामने आने के बाद यातायात विभाग ने संज्ञान लेने की बात कही है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद नियमों के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना न केवल यातायात नियमों की अनदेखी को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि थोड़ी सी लापरवाही किस तरह बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

  • Related Posts

    भागलपुर में VLCC का नया आउटलेट शुरू, मेयर वसुंधरा लाल ने किया उद्घाटन

    भागलपुर। शहर में सौंदर्य, त्वचा और बालों की देखभाल से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का एक और विकल्प जुड़ गया है। सैंडिस कंपाउंड के पास पुलिस लेन रोड में VLCC का…

    पूर्णिमा पर अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर से पितृपक्षीय श्राद्ध शुरू, 10 अक्टूबर को होगा समापन

    सहरसा। भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर 26 सितंबर को अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर, रविवार से पितृपक्षीय पार्वण श्राद्ध का शुभारंभ होगा। वहीं, 10 अक्टूबर को आश्विन अमावस्या के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *