भागलपुर: जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर गांव में जमीन की नापी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट में बदल गया। इस घटना में एक ही परिवार के पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों की पहचान महमदपुर निवासी मनोज पासवान और उनके पुत्र विकास पासवान के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमीन की नापी के दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे उग्र हो गई और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हिंसक झड़प में बदल गई।
मारपीट में मनोज पासवान और विकास पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस संबंध में जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि स्थानीय लोग मामले को शांत कराने में जुटे हैं।
संवाददाता : रजनीश कुमार
स्थान : भागलपुर






