भागलपुर। एनटीपीसी कहलगांव ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत बालिका सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत की। इस महत्वपूर्ण पहल का शुभारंभ एनटीपीसी के निदेशक (प्रचालन) रवीन्द्र कुमार, संयुक्त महिला समिति की वरिष्ठ सदस्य चंदना कुमारी तथा परियोजना प्रमुख रविन्द्र पटेल ने कहलगांव स्थित अंग भवन में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) प्रिया कुमारी ने किया।
इस अवसर पर निदेशक (प्रचालन) रवीन्द्र कुमार ने कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान एनटीपीसी की एक महत्वपूर्ण सीएसआर पहल है। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास और जीवन-कौशल के क्षेत्र में सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास से परिपूर्ण और शिक्षित बालिकाएं ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बन सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधा भवन और बाल भवन के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
बालिका सशक्तिकरण अभियान के तहत चयनित बालिकाओं को विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों, स्वास्थ्य जागरूकता सत्रों और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, संयुक्त महिला समिति की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सामाजिक विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।