भागलपुर में सहयोग शिविर: 48 शिकायतें प्राप्त, 14 का मौके पर निस्तारण, 7 दिनों में समाधान का लक्ष्य



भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड की बिशनपुर जिच्छो पंचायत में बिहार सरकार के जन-शिकायत निवारण अभियान के तहत आयोजित सहयोग शिविर में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव सह भागलपुर के प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

प्रभारी सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वे शिविर की प्रगति और शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा तय की गई है, जबकि भागलपुर प्रशासन अधिकांश मामलों का समाधान सात दिनों के भीतर कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन 1100 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

उन्होंने भागलपुर जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व में आयोजित शिविरों में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का समाधान निर्धारित समय से पहले किया गया है। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और उनकी टीम को बधाई दी।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविर से 15 दिन पहले ही आवेदन प्राप्त कर उनकी प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। शिविर में कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 14 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 34 मामलों पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले 5 से 6 दिनों में बाकी शिकायतों का भी समाधान कर दिया जाएगा।

कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश ने सहयोग शिविर को सरकार की जनहितकारी पहल बताते हुए कहा कि अब लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रभारी सचिव ने अमरजीत कुमार, नीरज यादव, अशोक पासवान, स्वीटी कुमारी और अनीता देवी को जॉब कार्ड प्रदान किए। कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नरेंद्र कुमार गुप्ता समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इसके बाद प्रभारी सचिव ने नाथनगर प्रखंड के गोसाई दासपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का भी निरीक्षण किया।

  • Related Posts

    रास्ते में बंधे जानवर को हटाने की बात पर विवाद, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

    भागलपुर। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में रास्ते पर बंधे जानवर को हटाने की बात कहना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि रास्ते से जानवर हटाने को लेकर शुरू…

    नाथनगर में चोरी का खुलासा, जलाए हुए सोने समेत चोरी के सामान के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

    भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी कुमार और संतोष कुमार…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *