जामताड़ा में अग्निशमन विभाग द्वारा फायर सेफ्टी को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जिले के अस्पताल, स्कूल, कॉलेज, मॉल और अन्य बड़े संस्थानों में लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा के जरूरी उपायों की जानकारी दी जा रही है। रविवार को झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया।

अग्निशमन पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुस्कान हॉस्पिटल पोसोई समेत कई अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जाकर फायर सेफ्टी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस दौरान लोगों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना चाहिए और तत्काल सुरक्षा उपाय अपनाने चाहिए।

सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि हर वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाता है। इस दौरान विभाग का मुख्य उद्देश्य लोगों को आग से बचाव के तरीकों, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और आपातकालीन स्थिति में सही प्रतिक्रिया के बारे में जागरूक करना होता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत सरकार की थीम “हॉस्पिटल सुरक्षित तो सभी सुरक्षित” रखी गई है, जिसे ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि हाल के दिनों में अस्पतालों और अन्य संस्थानों में आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है, जिसे देखते हुए विभाग द्वारा सुरक्षा मानकों को लेकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। टीम द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल, आपातकालीन निकास के महत्व और प्राथमिक बचाव उपायों का प्रदर्शन भी किया गया।

अग्निशमन विभाग का यह अभियान लोगों को जागरूक और सतर्क बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और नुकसान को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *