बिहार के रोहतास जिले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक बड़ी सफलता मिली है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में हुए सनसनीखेज बैंक लूट कांड से जुड़े एक आरोपी को डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी कमलेश कुमार बताया जा रहा है, जो नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी लूट का हिस्सा लेकर सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस ट्रेन से फरार होने की फिराक में था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे आरपीएफ के दो जवानों—उमाकांत और एमडी नाजिम—को उस पर शक हुआ। जब उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा, लेकिन तत्परता दिखाते हुए जवानों ने उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना आरपीएफ इंस्पेक्टर रामविलास राम को दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 15 लाख 72 हजार रुपये नकद और करीब 61 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिसकी कीमत 9 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस बड़ी बरामदगी के बाद मामले की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई।
बताया जा रहा है कि सिंगरौली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में पांच नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े महज 15 मिनट में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान बदमाशों ने बैंक में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया, विरोध करने पर मैनेजर के साथ मारपीट की और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे।
लूट में करीब 20 लाख रुपये नकद और लगभग 10 किलो सोने के आभूषण ले जाए गए थे। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग हिस्सों में बंटकर भाग गए थे।
रेल एएसपी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है। साथ ही, इस सफलता के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की जाएगी।
