apnabiharjharkhand

UPSC ने अभ्यर्थियों को दी बड़ी राहत, अब प्रीलिम्स के तुरंत बाद जारी होगी प्रोविजनल आंसर-की

नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग  ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने लंबे समय से उठ रही मांग को स्वीकार करते हुए घोषणा की है कि अब सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) के तुरंत बाद प्रोविजनल आंसर-की जारी की जाएगी। आयोग का कहना है कि इस फैसले से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

UPSC ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि यह नई व्यवस्था उम्मीदवारों के विश्वास को मजबूत करने और परीक्षा संचालन के उच्च मानकों को बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। आयोग के अध्यक्ष अजय कुमार ने इसे “नई शुरुआत” बताते हुए कहा कि पहली बार सिविल सेवा परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की सार्वजनिक की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर जानकारी मिल सके।

गौरतलब है कि UPSC हर वर्ष तीन चरणों—प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू—में परीक्षा आयोजित करता है, जिसके माध्यम से IAS, IPS और IFS जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है। इस वर्ष सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 मई 2026 को आयोजित होगी।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के बाद उम्मीदवार अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए 31 मई 2026 शाम 6 बजे तक “ऑनलाइन क्वेश्चन पेपर रिप्रेजेंटेशन पोर्टल (QPRep)” पर आवेदन किया जा सकेगा। उम्मीदवारों को अपनी आपत्ति के समर्थन में तीन प्रमाणिक स्रोतों और संबंधित दस्तावेजों के साथ सही उत्तर प्रस्तुत करना होगा।

UPSC के अनुसार, प्राप्त सभी आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों की टीम द्वारा की जाएगी। विशेषज्ञ प्रत्येक दावे और दस्तावेज का बारीकी से परीक्षण करेंगे, जिसके बाद ही अंतिम आंसर-की जारी की जाएगी। आयोग का मानना है कि इससे उम्मीदवार अपनी संभावित सफलता का जल्द आकलन कर सकेंगे और उन्हें निष्पक्ष तरीके से अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *