apnabiharjharkhand

पटना में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ जारी, 27 लाख लूटकांड के मास्टरमाइंड का हाफ एनकाउंटर

पटना: बिहार में अपराधियों के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र में सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपये लूटकांड में शामिल अपराधियों के खिलाफ मंगलवार सुबह पुलिस ने कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने लूटकांड के कथित मास्टरमाइंड को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि चार अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ पटना-मसौढ़ी मार्ग स्थित उदयिनी गांव के पास हुई. मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि लूटकांड में शामिल 4-5 अपराधी इलाके में छिपे हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.

मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी. उसे तुरंत इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया. वहीं पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया. घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल और कई खोखे भी बरामद किए गए हैं.

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई थी. इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली.

गौरतलब है कि 13 मई 2026 को गोपालपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सीएमएस कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट हुई थी. पुलिस के अनुसार, बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर कैश वैन को रोका और ड्राइवर व गार्ड को बंधक बनाकर रकम लूट ली थी. घटना के बाद पुलिस ने एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की थी.

फिलहाल गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और पुलिस लूट की रकम बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *