मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा पर रक्सौल स्थित इंडो-नेपाल मैत्री पुल से एक संदिग्ध चीनी नागरिक की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। उसके पास से लड़ाकू विमान जैसा दिखने वाला खिलौना बरामद हुआ है, जिसके बाद जासूसी समेत कई पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे 55 वर्षीय चीनी नागरिक याकूब सीजन टमटम यानी ई-रिक्शा से भारत से नेपाल की ओर जा रहा था। मैत्री पुल पर तैनात SSB की 47वीं बटालियन के जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जवानों ने तुरंत वाहन रोककर पूछताछ शुरू की, लेकिन वह लगातार सवालों को टालता रहा।
संदेह बढ़ने पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से लड़ाकू विमान जैसा दिखने वाला खिलौना बरामद हुआ। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी गई। शुरुआती जांच में उसके पास कोई वैध पासपोर्ट या वीजा नहीं मिला।
पूछताछ में सबसे बड़ी परेशानी भाषा को लेकर सामने आई। गिरफ्तार व्यक्ति को हिंदी, अंग्रेजी और नेपाली भाषा की जानकारी नहीं है। वह केवल चीनी भाषा में बात कर रहा है। ऐसे में अधिकारियों ने दुभाषिये की मदद से उससे पूछताछ शुरू की है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारत में कब और कैसे आया और नेपाल जाने का उसका मकसद क्या था।
SSB अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण यहां घुसपैठ का खतरा हमेशा बना रहता है। इसी वजह से हर व्यक्ति और वाहन की कड़ी जांच की जाती है। घटना के बाद रक्सौल बॉर्डर पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
मामले की जानकारी केंद्रीय खुफिया एजेंसियों को भी दे दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि IB और RAW की टीमें भी आरोपी से पूछताछ कर सकती हैं। फिलहाल उसे रक्सौल पुलिस के हरैया थाना के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे लगातार पूछताछ जारी है।


