सहरसा शहर के नया बाजार इलाके में एक अज्ञात चोर ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। इनमें एक दुकान में चोरी की घटना सफल रही, जबकि दो अन्य दुकानों के शटर के ताले तोड़ने के बावजूद चोर कोई सामान नहीं ले जा सका। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
घटना नया बाजार क्षेत्र की है, जहां बुधवार तड़के करीब 3 बजे एक अज्ञात चोर ने सबसे पहले संगम इंटरप्राइजेज नामक दुकान को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार चोर करीब 3 बजकर 7 मिनट पर दुकान में दाखिल हुआ और लगभग 8 मिनट बाद वहां से निकल गया। दुकान मालिक उमेश कुमार सिंह ने बताया कि उनकी गिट्टी-बालू की दुकान से एक कंबल और एक कार्टून में रखा गिफ्ट का सामान गायब है।
इसके बाद चोर नया बाजार चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर पहुंचा। यहां उसने दुकान के शटर में लगे तीन से चार ताले तोड़ दिए। यह पूरी वारदात भी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हालांकि चोर यहां चोरी करने में सफल नहीं हो सका, क्योंकि उसी दौरान पुलिस की गाड़ी इलाके में पहुंचती दिखाई दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
चोर ने इसके बाद डॉ. गोपाल शरण सिंह के समीप स्थित एक टेंट की दुकान का शटर भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वहां से भी कोई सामान चोरी नहीं कर सका।
ज्वेलरी दुकान के मालिक पीयूष कुमार ने बताया कि जब वह सुबह दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सहरसा सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान करने में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।