धनबाद के रणधीर वर्मा चौक स्थित गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में चासनाला साउथ कॉलोनी निवासी सुनीता देवी ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला थाना में मामला दर्ज कराने के बावजूद आरोपी पक्ष लगातार उन्हें और उनके बेटों को धमका रहा है। महिला ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रेस वार्ता के दौरान सुनीता देवी ने बताया कि उन्होंने 6 नवंबर 2025 को धनबाद महिला थाना में जयप्रकाश राय के खिलाफ कांड संख्या 19/2025 दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़ा कथित कबूलनामा और धमकी का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी और उसके सहयोगी लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।
सुनीता देवी के अनुसार आरोपी खुलेआम यह कहता है कि कोर्ट और पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। उन्होंने दावा किया कि आरोपी की जमानत याचिका धनबाद कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट दोनों जगह से खारिज हो चुकी है, फिर भी वह खुलेआम घूम रहा है और लगातार दबाव बना रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि 11 मई को जब वह घर लौट रही थीं, तब उन्हें दोबारा केस वापस लेने की धमकी दी गई। इसके बाद उनका बेटा शिकायत लेकर पाथरडीह थाना पहुंचा, जहां एक पुलिस पदाधिकारी द्वारा उसे डराने और झूठे केस में फंसाने की बात कही गई।
उन्होंने बताया कि बाद में सिंदरी एसडीपीओ के हस्तक्षेप के बाद उनके बेटों को छोड़ा गया। सुनीता देवी ने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे बिना डर के जीवन जी सकें।
अब इस मामले को लेकर प्रशासन की कार्रवाई और पुलिस जांच पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
संवाददाता – नीतीश कुमार, धनबाद