बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर में एक महिला से सोने की चेन छीनने की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब भागने के दौरान बाइक सवार आरोपी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। दंपति के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
घटना देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला अपने पति प्रवीण कुमार के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक अचानक उनके पास पहुंचा और महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार होने लगा।
चेन छीनने के बाद आरोपी तेज रफ्तार में बाइक लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। आरोपी के गिरते ही दंपति ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-4 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से महिला की सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
पुलिस फिलहाल आरोपी की पहचान और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से जुड़े गिरोह के सदस्य बोकारो पहुंचकर इस तरह की चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह अलग-अलग शहरों में घूम-घूमकर वारदात करता है।
इस मामले में पीड़िता के पति प्रवीण कुमार ने सेक्टर-4 थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो