apnabiharjharkhand

सहरसा के कराटे खिलाड़ियों का कमाल, राज्य चैंपियनशिप में जीते 10 पदक, दो खिलाड़ी नेशनल के लिए चयनित

पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में सहरसा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में जिले के 18 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें कई खिलाड़ियों ने पदक जीतकर बड़ी सफलता हासिल की। वहीं दो खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के पीछे कोच इफ्तेखार राही की सात वर्षों की मेहनत और खिलाड़ियों का लगातार अभ्यास माना जा रहा है।

9 और 10 मई को पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में सहरसा के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर सहरसा को गौरवान्वित किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर राजू कुमार और कुमारी श्रेष्ठा का चयन राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 3 जून से 7 जून तक देहरादून में आयोजित होगी।

बिहार स्टेट कराटे एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी पंकज कमली ने कहा कि सहरसा के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे सहरसा जिला कराटे एसोसिएशन के हेड कोच एवं जनरल सेक्रेटरी इफ्तेखार राही की वर्षों की मेहनत और समर्पण है। वहीं जिला कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. जयंत आशीष ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कराटे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और फिटनेस बढ़ाने का बेहतर माध्यम बन रहा है।

पदक विजेता खिलाड़ी

स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में राजू कुमार और कुमारी श्रेष्ठा शामिल हैं।
रजत पदक विजेताओं में सानिध्य सिंह, हार्दिक लव और श्रीयुग कुमारी शामिल हैं।

वहीं कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में सैयद हबीब अब्बास, अर्नव कुमार, एमडी इंताज, आरव आनंद, निशांत सुतिहार, मृदुल कुमार, लक्ष्य लकी, अविका कुमारी, मुस्कान राज और सोनाक्षी झा शामिल हैं।

सहरसा के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और आने वाले समय में इन खिलाड़ियों से राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *