बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां सलखुआ थाना क्षेत्र में एक अज्ञात बाइक की टक्कर से 38 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान कोपरिया पंचायत के हनसारी वार्ड नंबर 6 निवासी भूपेंद्र यादव की पत्नी सोनी देवी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सोनी देवी दो बच्चों की मां थीं। उनके परिवार में एक 10 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा है। उनके पति भूपेंद्र यादव मध्य प्रदेश के उज्जैन में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
परिजनों के अनुसार, सोमवार को सोनी देवी रोज की तरह मवेशियों के लिए चारा लाने खेत गई थीं। खेत से घास का गट्ठर लेकर जब वह घर लौट रही थीं, तभी सलखुआ थाना क्षेत्र के हथड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनी देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
सलखुआ थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार की पहचान के लिए जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हादसे के बाद मृतका के बच्चों और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
