भागलपुर जिले के बाथ थाना क्षेत्र के बाथ गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती के अपहरण का आरोप गांव के ही दो युवकों पर लगा है। पीड़िता और उसके परिजनों का आरोप है कि 14 दिन पहले गांव के रहने वाले सुमन सिंह और मौना कुमार उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे।

 

पीड़िता के पिता चंदन कुमार ने मीडिया को बताया कि घटना की जानकारी तुरंत बाथ थाना पुलिस को दी गई थी। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के भाई को थाना लाया, जिसके बाद दबाव में उनकी बेटी की बरामदगी हो सकी।

 

परिजनों के अनुसार, युवती को बरामद करने के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया और फिर भागलपुर न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया गया। लेकिन अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में भय और आक्रोश दोनों है।

 

पीड़िता और उसके पिता का कहना है कि आरोपी युवक गांव में खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उन्हें लगातार डर बना हुआ है। परिवार का आरोप है कि आरोपी किसी भी समय उनके साथ बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसी वजह से पूरा परिवार डरा और सहमा हुआ है।

 

स्थानीय सूत्रों से यह भी जानकारी सामने आई है कि दोनों आरोपी गांव की लड़कियों को नशा देकर फंसाने, अश्लील गतिविधियों, शोषण और नशे के अवैध कारोबार से भी जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अब तक पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो इलाके में और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।

 

फिलहाल पीड़ित परिवार पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग कर रहा है। वहीं, इस पूरे मामले ने गांव में तनाव का माहौल बना दिया है और लोग पुलिस की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *