भागलपुर के जोकसर थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, दो देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, चार खोखा, एक विकृत बुलेट और 86 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया है।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 25 अप्रैल 2026 को जोगसर थाना को सूचना मिली थी कि सौरभ जायसवाल, निवासी बिरौली, थाना रुपौली, जिला पूर्णिया, की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

 

पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। लगातार छापेमारी और पूछताछ के बाद पुलिस ने गौरव कुमार और राजा कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को मानिक सरकार घाट रोड स्थित एक फ्लैट में अवैध हथियार के साथ मौज-मस्ती चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

 

विवाद के दौरान सौरभ जायसवाल को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल सौरभ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

पुलिस ने घटनास्थल से भी कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिनके आधार पर पूरे मामले का खुलासा संभव हो सका। बरामद प्रतिबंधित कफ सिरप और हथियारों से यह भी संकेत मिल रहा है कि आरोपी अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल हो सकते हैं।

 

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। मामले की जांच अभी जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *