पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां बारात लेकर जा रही बस के ऊपर बैठे चार लोग 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गए। हादसे में सभी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद शादी समारोह की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

जानकारी के अनुसार पाटन थाना क्षेत्र के मालगाड़ा गांव से एक बारात लावालौंग थाना क्षेत्र के रिमी रामपुर जा रही थी। बारातियों से भरी बस जब पांकी थाना क्षेत्र के गढ़गांव पुलिया के समीप पहुंची, उसी दौरान बस की छत पर बैठे लोग ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगते ही बस की छत पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

घटना में प्रमोद कुमार यादव, राजेश कुमार, रंजन कुमार यादव और बिनोद कुमार यादव गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और बारात में शामिल अन्य लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।

 

बताया जा रहा है कि हादसा बस की छत पर बैठकर यात्रा करने के कारण हुआ। ग्रामीण इलाकों में अब भी लोग बारात या अन्य आयोजनों में बस की छत पर बैठकर सफर करते हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में चिंता का माहौल है। वहीं लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन से हाई टेंशन तारों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

 

संवाददाता – सत्यम शुक्ला

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *