जामताड़ा साइबर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने कुकू एफएम और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और नकद रुपये भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाम अंसारी, सबीर अंसारी और कलाम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और 19 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि ये आरोपी लंबे समय से लोगों को फोन कर खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सहजपुर गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लोगों को फोन कर कुकू एफएम और पेटीएम का कस्टमर केयर अधिकारी बताते थे और बैंक खाते, एटीएम तथा ओटीपी की जानकारी हासिल कर उनके खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन साइबर अपराधियों का नेटवर्क केवल जामताड़ा तक सीमित नहीं था, बल्कि कई राज्यों में फैला हुआ है। साइबर पुलिस अब इनके पूरे गिरोह और नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
वहीं गिरफ्तार आरोपी सबीर अंसारी के खिलाफ पहले से भी साइबर अपराध से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा किन राज्यों में इनकी गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
फिलहाल इस मामले में साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
संवाददाता – संतोष कुमार
