हजारीबाग जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जिले के 39 पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी ज्ञापांक 1253/गो के तहत पुलिस निरीक्षक, पुअनि और सअनि स्तर के अधिकारियों को विभिन्न थाना, ओपी और अंचलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आदेश के अनुसार पुअनि चंद्रशेखर कुमार को बरही अंचल से स्थानांतरित कर सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक बनाया गया है। वहीं पुअनि सुभाष सिंह को सदर थाना प्रभारी के पद से हटाकर विष्णुगढ़ थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा एसटी/एससी थाना हजारीबाग के प्रभारी पुअनि अनिल कुमार महथा को बरही अंचल में नई जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह तबादला पूरी तरह प्रशासनिक कारणों से किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देकर अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करें। साथ ही प्रवर पुलिस केन्द्र हजारीबाग को भी यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर नए स्थान पर कार्यभार ग्रहण करें।
जानकारी के अनुसार सदर, बरही, विष्णुगढ़, कटकमदाग और कटकमसांडी जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष रूप से नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा महिला थाना, साइबर थाना, यातायात थाना और पुलिस केन्द्र के पदाधिकारियों को भी इस तबादला सूची में शामिल किया गया है।
संवाददाता – सुनील कुमार ठाकुर
