झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड में नए शैक्षणिक सत्र के तहत ‘स्कूल रूआर 2026’ यानी बैक टू स्कूल कैंपेन की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य स्कूल से दूर हो चुके और पढ़ाई बीच में छोड़ चुके बच्चों को दोबारा विद्यालय से जोड़ना है।
शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय नाला के सभागार में इस अभियान को लेकर प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख कलावती मुर्मू, उप प्रमुख समर माजी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष, विद्यालय के प्राचार्य उत्तम कुमार मंडल, मुखिया अजित मुर्मू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पीएम श्री आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत सभी बच्चों का नामांकन और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना प्राथमिक लक्ष्य है। हालांकि प्रारंभिक शिक्षा में नामांकन तो बढ़ा है, लेकिन ऊपरी कक्षाओं में बच्चों का ठहराव अब भी चुनौती बना हुआ है।
वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा में लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। इसमें विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि 5 से 18 वर्ष तक के किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं रहने देना है। प्रवासी, विशेष आवश्यकता वाले और किसी भी कारण से स्कूल नहीं जा रहे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें पुनः नामांकित किया जाएगा और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान के जरिए यह संकल्प लिया गया कि नाला प्रखंड में एक भी बच्चा स्कूल से बाहर नहीं रहेगा और सभी को शिक्षा का अधिकार दिलाया जाएगा।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा
