भागलपुर में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से होम डिलीवरी के माध्यम से की जा रही है और उपभोक्ता मोबाइल के जरिए आसानी से बुकिंग कर सकते हैं।
डीएम ने कहा कि पूर्व में जो बैकलॉग था, उसे धीरे-धीरे कम किया जा रहा है। प्रत्येक प्रखंड में आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा नियमित निगरानी और अनुश्रवण किया जा रहा है, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे। इसके साथ ही जिला स्तर पर 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है, जहां उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और उसका त्वरित निवारण किया जा रहा है।
इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि जिले में गैस के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी नियमित रूप से हो रही है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों के माध्यम से होम डिलीवरी के जरिए ही गैस का वितरण किया जा रहा है और बुकिंग में भी अब कमी देखी जा रही है।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस एजेंसी के गोदाम पर सिलेंडर लेने के लिए न जाएं, क्योंकि वहां से सीधे वितरण पर रोक लगा दी गई है। शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है, जिसके लिए अनुमंडल स्तर पर व्यवस्था की गई है। वर्तमान में कमर्शियल गैस की करीब 70 प्रतिशत आपूर्ति हो रही है।
किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0641-2402871 जारी किया गया है, जो 24/7 सक्रिय है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
