नालंदा के राजगीर खेल अकादमी में 20 और 21 अप्रैल को आयोजित 13वीं सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप 2026 के पुरुष वर्ग में जबरदस्त एक्शन देखने को मिला। ग्रुप स्टेज मुकाबलों में टीमों ने आक्रामक खेल और शानदार फिटनेस का प्रदर्शन किया, जिसके चलते कई हाई-स्कोरिंग मैच हुए और नॉकआउट राउंड की दौड़ बेहद रोमांचक बन गई।

महाराष्ट्र ने दिन का सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए अंडमान और निकोबार को 92-00 से हराकर अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा ओडिशा ने 73-00, बिहार ने 72-00 और राजस्थान ने 70-00 से जीत दर्ज कर अपने इरादे साफ कर दिए। सभी टीमों ने नॉकआउट में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी।

डिफेंडिंग चैंपियन वेस्ट बंगाल ने भी शानदार शुरुआत की। उन्होंने चंडीगढ़ को 49-07 और छत्तीसगढ़ को 66-00 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। वहीं, कई बार के चैंपियन हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 29-00 और मध्य प्रदेश को 47-00 से हराकर शानदार फॉर्म दिखाया।

ग्रुप स्टेज में कुछ करीबी मुकाबले भी देखने को मिले। दिल्ली और कर्नाटक के बीच दो मैच हुए, जिसमें दिल्ली ने पहला मैच 10-00 से जीता, जबकि कर्नाटक ने वापसी करते हुए दूसरा मुकाबला 21-14 से अपने नाम किया। छत्तीसगढ़ ने चंडीगढ़ को 07-05 और उत्तराखंड ने पंजाब को 10-05 से हराकर मुकाबले को और रोमांचक बना दिया।

स्कोरिंग में महाराष्ट्र 132 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि राजस्थान (122) और वेस्ट बंगाल (115) उसके पीछे रहे। व्यक्तिगत प्रदर्शन में राजस्थान के राजन रावत 62 अंकों के साथ सबसे आगे रहे। बिहार के शुभम कुमार 37 अंकों के साथ दूसरे और वेस्ट बंगाल के सुमित कुमार रॉय 34 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

उद्घाटन समारोह में विधायक श्रवण कुमार और रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। अब सभी टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश कर चुकी हैं, जहां आज प्री-क्वार्टरफाइनल और कल क्वार्टरफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जो खिताबी जंग को और रोमांचक बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *