बिहार के जमुई जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां फरार अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। इस हमले में दो सब-इंस्पेक्टर और एक सिपाही घायल हो गए हैं। हालांकि, हमले के बावजूद पुलिस ने मुख्य आरोपी देबू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
घटना खैरमा इलाके की है, जहां जमुई पुलिस विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी देबू यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस टीम ने खैरमा पुल के पास स्थित एक चिमनी भट्ठा के नजदीक से देबू यादव को पकड़ लिया। लेकिन गिरफ्तारी के तुरंत बाद हालात अचानक बिगड़ गए।
बताया जा रहा है कि देबू यादव ने अपने परिजनों और सहयोगियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया। इस हमले में टाउन थाना में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार साह, एसआई विक्रम कुमार और सिपाही रणबीर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी देबू यादव को भी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, देबू यादव पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए न केवल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि हमले में शामिल उसके चार अन्य सहयोगियों को भी हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। यह घटना पुलिस की कार्रवाई के दौरान अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को भी उजागर करती है।
