शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। बुधवार शाम भाजपा प्रदेश कार्यालय पर केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने उपराज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। वे गुरुवार को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ की मौजूदगी में रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा गया। भाजपा विधायक प्रवेश वर्मा, सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, अनिल शर्मा समेत नौ विधायकों ने उनके नाम का अनुमोदन किया।
विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से सीएम के चेहरे को लेकर चल रही ऊहापोह का फैसला मात्र आधा घंटे में हो गया। इसके बाद भाजपा कार्यालय के बाहर ढोल-नगाड़े बजने लगे और कार्यकर्ताओं ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी।
चौथी महिला मुख्यमंत्री
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। उनसे पहले भाजपा से सुषमा स्वराज, कांग्रेस से शीला दीक्षित और आप से आतिशी मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।