धनबाद में कुख्यात भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। उसके सबसे करीबी गुर्गों में शामिल शैफी उर्फ मेजर को एक बार फिर तीन दिनों के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि इस रिमांड के दौरान कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं, जिससे पूरे गैंग की जड़ तक पहुंचना आसान होगा।

 

जानकारी के अनुसार, शैफी उर्फ मेजर की गिरफ्तारी के बाद धनबाद पुलिस को पहले तीन दिनों का रिमांड मिला था। शुरुआती पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने कोर्ट से दोबारा तीन दिनों का रिमांड हासिल किया। शनिवार को कोर्ट ने इसकी अनुमति दे दी।

 

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है, जो लगातार शैफी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।

 

अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में जमीन कारोबारी भी शामिल हैं, जिन पर गैंग को आर्थिक मदद पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से कई हथियार भी बरामद किए हैं, जो इस नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाता है।

 

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि कुछ सफेदपोश और मीडिया से जुड़े लोगों की भी प्रिंस खान से सांठगांठ थी। ये लोग संगठन को आर्थिक सहयोग देने के साथ-साथ धमकी भरे वीडियो के प्रचार-प्रसार में भी भूमिका निभा रहे थे। पुलिस अब ऐसे सभी लोगों की पहचान कर रही है।

 

फिलहाल धनबाद पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे प्रिंस खान गैंग की कमर पूरी तरह टूट सकती है।

 

संवाददाता – नितीश कुमार, धनबाद

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *