धनबाद जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस केंद्र धनबाद में नवनिर्मित मैगजीन शस्त्रागार का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की मौजूदगी में शस्त्रागार को विधिवत शुरू किया गया।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार पुलिस संसाधनों को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शस्त्रागार के निर्माण से पुलिस बल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में पुलिस लाइन में और भी कई बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपायुक्त ने कहा कि पुलिसकर्मियों के रहने, काम करने और प्रशिक्षण की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा, ताकि वे बेहतर माहौल में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने इसे पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में एक अहम पहल बताया।
वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पूरे जिले का मुख्य शस्त्रागार पुलिस केंद्र में ही स्थित है। यहीं पर सभी हथियारों को सुरक्षित रखा जाता है और उनका रखरखाव, निरीक्षण तथा नियमित मेंटेनेंस किया जाता है। उन्होंने बताया कि पुराने ढांचे की तुलना में नया मैगजीन शस्त्रागार अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और तकनीकी रूप से बेहतर है।
एसएसपी ने कहा कि नए शस्त्रागार के बनने से हथियारों, कारतूसों और अन्य आवश्यक सामग्रियों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे पुलिस बल की त्वरित कार्रवाई क्षमता भी बढ़ेगी और आपात स्थिति में बेहतर प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस नई सुविधा से जिले की कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी और पुलिस बल का मनोबल भी बढ़ेगा।
संवाददाता – नितीश कुमार, धनबाद
