भागलपुर में पृथ्वी दिवस के अवसर पर जीवन जागृति सोसाइटी द्वारा “जल बचाओ–जीवन बचाओ” और “पौधा लगाओ–पर्यावरण बचाओ” अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को बढ़ते जल संकट और पर्यावरण प्रदूषण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत भागलपुर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार एवं सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना कर की गई। रैली मनाली चौक से निकलकर घंटाघर तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने भाग लिया। रैली के दौरान “जल है तो कल है” और “पानी बचाओ–जीवन बचाओ” जैसे नारों के जरिए लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही टेलीफोन एक्सचेंज के सामने उप श्रम आयुक्त कार्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उप श्रम आयुक्त सुधांशु कुमार, डॉ. अजय कुमार सिंह एवं सोसाइटी के सदस्यों ने मिलकर कई पौधे लगाए। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित संरक्षण और देखभाल भी उतनी ही जरूरी है, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण को संतुलित रखने में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने जल संरक्षण और हरियाली के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. अजय कुमार सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अभी से जल और पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में मानव जीवन के सामने बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
अंत में जीवन जागृति सोसाइटी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में पानी की बचत करें और हर शुभ अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
