बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। महनार थाना क्षेत्र के थानपुर गांव में बीती रात हथियारबंद डकैतों ने एक स्वर्ण व्यवसायी के घर पर धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान डकैतों ने न केवल लूटपाट की, बल्कि इलाके में दहशत फैलाने के लिए बमबाजी और फायरिंग भी की, जिसमें दो लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, करीब 15 से 20 की संख्या में आए बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। वे अपने साथ सीढ़ी लेकर आए और मुख्य गेट तोड़कर घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने घर के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर सोना-चांदी, नगदी सहित लाखों की संपत्ति लूट ली। डकैतों ने करीब एक घंटे तक घर और आसपास के इलाके में तांडव मचाया।

इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि अपराधी योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे थे। कुछ बदमाश घर के अंदर लूटपाट कर रहे थे, जबकि अन्य बाहर खड़े होकर निगरानी और बमबाजी कर रहे थे।

पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब डेढ़ से दो घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। पीड़ित रंजीत कुमार साह के पुत्र ने बताया कि कई बार फोन करने के बाद भी पुलिस ने कॉल रिसीव नहीं किया, और जब किया तो सुबह आने की बात कही।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। एसडीपीओ महनार प्रवीण कुमार के अनुसार, एफएसएल टीम को बुलाया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने एसआईटी टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *