पटना जिले में पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। मसौढ़ी, धनरूआ और पुनपुन प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान के बाद मतगणना प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। इस बार कई सीटों पर बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां जीत-हार का फैसला बहुत कम अंतर से हुआ।

धनरूआ प्रखंड के बारीबिगहा पैक्स में सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। यहां फूलकुमारी देवी (पति गोवर्धन प्रसाद) को 286 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी कृष्णा को 279 वोट प्राप्त हुए। इस तरह फूलकुमारी देवी ने महज 7 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। परिणाम के बाद दूसरे पक्ष ने पुनर्मतगणना (री-काउंटिंग) की मांग की, जिससे कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति बन गई। हालांकि सुबह करीब 11 बजे अंतिम परिणाम जारी कर फूलकुमारी देवी को विजेता घोषित कर दिया गया।

वहीं, मसौढ़ी प्रखंड के चरमा पैक्स में राकेश कुमार निरंजन ने मंजू देवी (पति मुकेश कुमार) को 84 वोटों से हराया। राकेश कुमार को 476 वोट मिले, जबकि मंजू देवी को 393 वोट मिले। सोनमई पंचायत में भी मुकाबला दिलचस्प रहा, जहां रून्ती देवी ने 389 वोट हासिल कर कंचन कुमारी (322 वोट) को 67 वोटों से पराजित किया। पुनपुन प्रखंड के पैमार पैक्स में रामसेन कुमार सिंह ने 93 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

इस चुनाव में कुल 1481 मतदाताओं में से लगभग 70 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन की सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। पूरे जिले में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतों की गिनती की गई।

गौरतलब है कि बिहार के 29 जिलों में 363 पैक्सों के लिए 20 अप्रैल को मतदान हुआ था। हालांकि मतदाता सूची में गड़बड़ी के कारण 11 पैक्सों का चुनाव फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *