बिहार के नालंदा जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां जिले के सारे थाना क्षेत्र के बहादी बिगहा गांव निवासी 31 वर्षीय मो. टीपू सुल्तान की सऊदी अरब में हत्या कर दी गई। इस वारदात को उसके ही रूम पार्टनर ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि शिफ्ट बदलने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने टीपू पर चाकू से हमला कर दिया।

मृतक के परिवार में इस खबर के बाद कोहराम मच गया है। मां मुश्तरी खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि टीपू पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और परिवार का काफी जिम्मेदार सदस्य था। पिता की मौत के बाद वह अपनी मां का सहारा था और घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए करीब तीन साल पहले सऊदी अरब गया था। वहां वह एक निजी कंपनी में प्लंबर का काम करता था, लेकिन बाद में उसे ऑफिस बॉय बना दिया गया था।

परिजनों के अनुसार, ईद के बाद उसके रूम पार्टनर की शिफ्ट बदल गई थी, जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। अगले ही दिन सुबह आरोपी, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है, ने गुस्से में आकर टीपू पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल टीपू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अप्रैल के अंतिम सप्ताह में उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, टीपू बेहद शांत और मिलनसार स्वभाव का युवक था और गांव में उसकी अच्छी पहचान थी। इसी साल उसका निकाह भी तय हुआ था और कई रस्में पूरी हो चुकी थीं। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में खुशियां आएंगी, लेकिन इस घटना ने सब कुछ उजाड़ दिया।

फिलहाल गांव में मातम का माहौल है और परिवार सहित पूरे इलाके के लोग टीपू के शव के भारत लाए जाने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *