बिहार के सहरसा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर गुरुवार दोपहर बाद एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड पर स्थित इस स्टेशन पर सियालदह से सहरसा आ रही हाटे बाजारे एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन जैसे ही सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पहुंची, उसी दौरान एक यात्री अचानक ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, वह ट्रेन से कैसे गिरा, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है। हादसे को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल यात्री को उठाया और बिना देर किए सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है।

 

घायल यात्री की पहचान झारखंड के जमशेदपुर (टाटा) निवासी राजकुमार जायसवाल के 35 वर्षीय पुत्र नंदकिशोर चौधरी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह टाटा से सहरसा की ओर यात्रा कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

 

इधर, घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दारोगा अमरजीत सिंह और सुधीर कुमार अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान लेने के साथ-साथ पूरे मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

 

फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *