सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित गैंगरेप की घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। इस संवेदनशील मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। महागठबंधन के विभिन्न दलों के नेताओं ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए त्वरित कार्रवाई और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
गांधी पथ स्थित शहीद जयप्रकाश भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना करार देते हुए कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
राजद जिलाध्यक्ष मो. ताहिर ने कहा कि पुलिस को तुरंत सक्रिय होकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलानी चाहिए। वहीं, सीपीएम जिला सचिव रंधीर यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रशासन की विफलता को उजागर करती हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश झा ने इसे समाज के लिए कलंक बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई जरूरी है।
सीपीआई जिला सचिव परमानंद ठाकुर ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की, जबकि माले नेता कुंदन यादव ने कहा कि प्रदेश में बच्चों के खिलाफ बढ़ रहे अपराध गंभीर चिंता का विषय हैं। आईआईपी महिला जिलाध्यक्ष रीमा शर्मा ने बताया कि पीड़िता और उसका परिवार बेहद डरा हुआ है और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए, मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए, ताकि समाज में कानून का भरोसा कायम रह सके।
