बोकारो में चर्चित पुष्पा महतो हत्याकांड मामले में हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पिंडराजोरा थाना पुलिस ने आज पुष्पा महतो के माता-पिता को डीएनए सैंपल लेने के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का सैंपल लिया गया।
दरअसल, आज इस मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें कोर्ट ने जांच की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए राज्य के डीजीपी, आईजी, डीआईजी, एसपी, एफएसएल डायरेक्टर और एसआईटी टीम को सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने स्पष्ट रूप से कहा कि मामले की जांच में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाईकोर्ट ने सरकार को दो सप्ताह के भीतर डीएनए रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। साथ ही कोर्ट ने निर्देश दिया है कि डीएनए टेस्ट कोलकाता में कराया जाए और रांची के रिम्स में बरामद नर कंकाल का विधिवत पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और मृतका की पहचान पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
इधर, पुष्पा महतो के माता-पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ डीएनए सैंपल लेने के लिए अस्पताल लाया गया है, लेकिन अब तक घटनास्थल से बरामद कपड़ों या अन्य सामान की पहचान नहीं कराई गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
परिजनों ने मांग की है कि मामले के मुख्य आरोपी दिनेश कुमार महतो का नार्को टेस्ट कराया जाए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके।
अब इस मामले में सभी की नजरें हाईकोर्ट के अगले निर्देश और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि इस बहुचर्चित हत्याकांड में न्याय कब तक मिल पाता है।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो
