बिहार के नवादा में प्रतियोगी परीक्षाओं के चर्चित शिक्षक खान सर बुधवार को गोनावां स्थित चेतन सोशल लाइब्रेरी के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। खान सर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिंदगी में सफलता पाने के लिए लगातार मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में प्रयास जरूरी है। उन्होंने साफ कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।
अपने संबोधन में खान सर ने मोबाइल और सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल के जरिए दुनिया की हर जानकारी कुछ ही सेकंड में मिल सकती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “अब मोबाइल की सुविधा है, हम यहां बैठे-बैठे सुन सकते हैं कि ट्रंप ने अमेरिका में क्या बोला।” उनका उद्देश्य युवाओं को यह समझाना था कि मोबाइल समय बर्बाद करने का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने और करियर बनाने का मजबूत साधन बन सकता है।
खान सर ने नवादा को ऐतिहासिक और महापुरुषों की भूमि बताते हुए कहा कि यहां की युवा पीढ़ी के पास शिक्षा से बेहतर कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जरूर समय लेती है, लेकिन एक बार सफलता मिलने के बाद उसका फायदा लंबे समय तक मिलता है। उन्होंने अपने पुराने दिनों को भी याद किया और बताया कि लॉकडाउन से पहले वे नवादा में क्लास लेने आया करते थे।
कार्यक्रम में उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर भी खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब एक लड़की पढ़-लिखकर सफल होती है तो वह सिर्फ अपना नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बदल देती है। उनकी इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद युवतियों ने जोरदार तालियां बजाईं।
इस दौरान खान सर ने चेतन सोशल लाइब्रेरी को छात्रों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी लाइब्रेरी युवाओं को बेहतर माहौल और सही दिशा देती हैं। अंत में उन्होंने छात्रों से बड़े सपने देखने और पूरी मेहनत से उन्हें हासिल करने की अपील की।
