बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पद संभालने के बाद से ही ऐक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आज उन्होंने राजधानी पटना स्थित देशरत्न मार्ग वाले अपने आवास पर जनता दरबार लगाया, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
यह जनता दरबार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शैली में आयोजित किया गया, जिसमें आम नागरिकों को सीधे मुख्यमंत्री से मिलने और अपनी शिकायत रखने का अवसर दिया गया। सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।
दरबार में प्रवेश के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पहले लोगों की गहन सुरक्षा जांच की जा रही है, उसके बाद उनका रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही लोगों को अंदर जाने की अनुमति मिल रही है। प्रशासन द्वारा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
अंदर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद जनता से मुलाकात कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुन रहे हैं। कई मामलों में वे मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने राज्य की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। कई लोगों ने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार और अफसरशाही चरम पर है, जिससे आम जनता परेशान है। वहीं कुछ लोगों ने उम्मीद जताई कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हालात में सुधार होगा और अपराधियों पर लगाम लगेगी।
मुख्यमंत्री का यह कदम जनता के बीच विश्वास बहाल करने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
