मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन जगदीशन गांव में हुए मां-बेटी और दुधमुंहे बच्चे की निर्मम हत्या कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतका रीता देवी के पति संतोष कुमार और उसकी प्रेमिका करीना कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि संतोष कुमार का वर्ष 2014 से सहबाजपुर निवासी शादीशुदा महिला करीना कुमारी के साथ अवैध संबंध था। करीना, जो पहले से तीन बच्चों की मां है, लगातार संतोष पर अपनी पत्नी और बच्चों को रास्ते से हटाने का दबाव बना रही थी। इसी दबाव में आकर संतोष ने अपनी पत्नी रीता देवी, दो साल की बेटी और तीन माह के बेटे की हत्या की साजिश रची।
घटना वाली रात संतोष ने पत्नी को पेट दर्द की दवा के नाम पर नींद की गोली खिला दी। जब पत्नी बेहोश हो गई, तब उसने पहले रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी मासूम बेटी की भी उसी तरह हत्या कर दी। वहीं तीन माह के दुधमुंहे बेटे का मुंह दबाकर उसकी सांसें रोक दीं। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद संतोष ने खुद को बचाने के लिए पड़ोसियों पर भूमि विवाद का आरोप लगाते हुए एक झूठी कहानी गढ़ी। हालांकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। मोबाइल कॉल डिटेल्स, लोकेशन और रिकॉर्डिंग के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हो गया।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
