बिहार के सहरसा जिले में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब सदर थाना क्षेत्र स्थित मीरा टॉकिज सिनेमा हॉल के पास अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि करीब पांच अपराधियों ने दर्जन भर से अधिक गोलियां चलाईं, जिसमें छोटू मिश्रा उर्फ सुजीत कुमार झा (पिता जागेश्वर झा), निवासी फकीर टोला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार और सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है
मृतक के बड़े भाई आशीष कुमार ने बताया कि छोटू मिश्रा रोज की तरह शाम में नाश्ता करने के बाद घर से निकला था। वह अपने दोस्त गांधी कुमार यादव, जो मधेपुरा जिले के मुरलीगंज का रहने वाला है और रेलवे में अनुकंपा पर नौकरी करता है, उसे स्टेशन लाने गया था। उसके साथ विधापति नगर वार्ड संख्या 32 निवासी रौशन कुमार और सुमित कुमार भी मौजूद थे। मृतक दो दिन पहले थार चार चक्का वाहन केश में खरीदा था ।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना में एक अन्य युवक के घायल होने की भी चर्चा है, हालांकि उसे कहां इलाज के लिए ले जाया गया है इसकी जानकारी फिलहाल पुलिस को नहीं मिल पाई है।
वहीं सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि गुरुवार रात करीब 10:30 बजे थाना को सूचना मिली कि एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
इसके बाद एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। घटनास्थल से 12 खोखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। मृतक की आपराधिक छवि होने की भी बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
