धनबाद रेल मंडल के डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक कोयला लदी मालगाड़ी के चार वैगन अचानक पटरी से उतर गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

 

बताया जाता है कि मालगाड़ी कोयला लेकर लोडिंग पॉइंट से पश्चिम बंगाल के मेजिया थर्मल पावर स्टेशन (MTPS) की ओर जा रही थी। सुबह 7 बजकर 26 मिनट पर डुमरी बिहार स्टेशन से खुलने के महज तीन मिनट बाद, करीब 7 बजकर 29 मिनट पर यार्ड लाइन नंबर 7 में यह हादसा हो गया। अचानक चार वैगन बेपटरी हो जाने से रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया।

 

घटना में बोगी नंबर 7 और 8 को गंभीर क्षति पहुंची है। साथ ही पोल संख्या DMBR/1117 भी अपने स्थान से उखड़कर वैगन के ऊपर जा गिरा, जिससे रेलवे ट्रैक और यार्ड लाइन को भारी नुकसान हुआ है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही डुमरी बिहार स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक पीपी टोप्पो और ट्रैफिक इंस्पेक्टर अवधेश कुमार राम मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके साथ ही धनबाद रेल मंडल के वरीय अधिकारियों को भी सूचित किया गया, जिसके बाद तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई हैं।

 

इस हादसे के बाद इस रूट पर रेल परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित हो गया है। कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। रेलवे अधिकारी जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर परिचालन सामान्य करने में जुटे हैं।

 

संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *