सहरसा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरजिला स्तर पर सक्रिय लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। यह कार्रवाई हाल के दिनों में सहरसा और मधेपुरा जिले में लगातार हो रही लूट की घटनाओं के बाद की गई है।

 

जानकारी के अनुसार, यह गिरोह सुनियोजित तरीके से विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। सहरसा सदर थाना क्षेत्र स्थित सीएसपी केंद्र से लूट, बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मी पर फायरिंग कर लूट, बसनही थाना क्षेत्र में मवेशी हाट के पास एनएच-107 पर हथियार के बल पर लूट और मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक से लूट जैसी घटनाएं इसी गिरोह द्वारा अंजाम दी गई थीं। इन सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

 

घटनाओं के उद्भेदन के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक कोसी क्षेत्र के निर्देशन में सहरसा और मधेपुरा पुलिस द्वारा संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक सहरसा के नेतृत्व में विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े, फुटवियर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की गई।

 

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर विधिवत जब्त किया गया है। साथ ही, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

 

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की तैयारी कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी जल्द खुलासा हो सकता है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *