भागलपुर: जिले के बाखरपुर पश्चिमी पंचायत में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चार बासा पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अगलगी की घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में सोए हुए थे। अचानक आसपास के लोगों ने आग की लपटें उठती देख शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और एक के बाद एक बासा को अपनी चपेट में ले लिया।
इस भीषण अगलगी में बासा में रखा पंपिंग सेट मशीन, बैलगाड़ी, अनाज और मवेशियों का चारा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इसके अलावा एक गाय का बछड़ा भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ ही देर में चारों बासा पूरी तरह जल चुके थे।
पीड़ितों में बबींदर यादव, रामनाथ यादव, महेश यादव और सुभाष यादव का नाम शामिल है, जिनकी वर्षों की मेहनत पलभर में राख में तब्दील हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर बाल्टी, मोटर और अन्य संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी तत्परता के कारण आग को अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
