बिहार में सियासी बदलाव के बीच सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा के बाद सहरसा में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर जिला भाजपा कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजे की धुन पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए, वहीं एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी गई और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया। पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष साजन शर्मा और मेयर बेनप्रिया जी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय राज्य के विकास और सुशासन को नई दिशा देगा। यह फैसला बिहार को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने भी इस ऐतिहासिक फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह दिन हर कार्यकर्ता के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि वर्षों के इंतजार के बाद भाजपा का नेतृत्व राज्य की कमान संभाल रहा है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में पारदर्शिता, विकास और जनकल्याण को नई गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य प्रगति और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा।
वहीं जिला प्रवक्ता अभिषेक पाण्डेय ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि नए नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
