सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के छेनी छापर गांव में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक की शादी के दौरान उसकी पंजाब की प्रेमिका अचानक गांव पहुंच गई और जमकर हंगामा शुरू कर दिया। युवती ने युवक और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं, गुस्से और निराशा में उसने कुएं में कूदकर आत्महत्या की भी कोशिश की, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।
मामला छेनी छापर निवासी अजीत दूबे का है, जो पंजाब के लुधियाना स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात अंजली नाम की युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोप है कि अजीत ने अंजली से शादी का वादा किया, उसे अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रखा और शारीरिक संबंध भी बनाए।
करीब एक साल तक दोनों का रिश्ता चलता रहा, लेकिन बाद में अजीत अपने परिवार के दबाव में दूसरी लड़की से शादी के लिए तैयार हो गया। परिवार चुपचाप बिहार लौट आया और मंगलवार को उसका तिलक समारोह भी संपन्न हो गया।
बुधवार सुबह जब घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, तभी अंजली अकेले गांव पहुंच गई। उसने अजीत के घर के सामने करीब एक घंटे तक जोरदार हंगामा किया और परिवार पर मिलीभगत से धोखा देने का आरोप लगाया। गांव में यह दृश्य देख बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
हंगामे के बीच अंजली ने कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि युवती ने खुद ही पुलिस को सूचना दी थी।
मैरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अजीत को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
