बिहार की राजनीति में इस बार महिला नेतृत्व को बड़ा प्रतिनिधित्व मिला है। सम्राट चौधरी सरकार के कैबिनेट विस्तार में जद(यू) की शिवहर विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। पहली बार मंत्री बनीं डॉ. श्वेता गुप्ता की नियुक्ति को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। खास बात यह रही कि उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के साथ मंत्रीमंडल में शामिल किया गया, जिससे उनकी राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई है।
डॉ. श्वेता गुप्ता मूल रूप से सीतामढ़ी की रहने वाली हैं। पेशे से डॉक्टर श्वेता गुप्ता ने मेडिकल में पोस्ट ग्रेजुएशन यानी पीजी की पढ़ाई पूरी की है। राजनीति में आने से पहले वे चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय थीं, लेकिन अब उन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना ली है।
44 वर्षीय श्वेता गुप्ता ने 2025 के विधानसभा चुनाव में पहली बार जद(यू) के टिकट पर शिवहर सीट से चुनाव लड़ा और शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार नवनीत कुमार को 31,398 वोटों के भारी अंतर से हराया। उनकी यह जीत जद(यू) के लिए बड़ी उपलब्धि मानी गई थी।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार जद(यू) में आने से पहले उनका भाजपा से भी जुड़ाव रहा है। इस चुनाव में उन्होंने उस सीट पर जीत हासिल की, जिसे पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद का प्रभाव क्षेत्र माना जाता था।
मंत्री बनने के बाद शिवहर और सीतामढ़ी इलाके में खुशी का माहौल है। समर्थकों को उम्मीद है कि अब क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और महिलाओं की भागीदारी को भी मजबूती मिलेगी।
